बिसवां,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिसवां पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे हिस्ट्रीशीटर समेत दो शातिर अपराधियों को मधवापुर मोड़ के पास से गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बिसवां पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान करन शुक्ला निवासी ग्राम शिवथाना, मानपुर और सूरज यादव निवासी ग्राम हथिया मल्लपुर, इमलिया सुल्तानपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, करन शुक्ला मानपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ सीतापुर व लखीमपुर खीरी में चोरी व नकबजनी के 12 संगीन मामले दर्ज हैं। वहीं सूरज यादव पर भी 7 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों करीब एक माह से फरार चल रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर न्यायालय भेज दिया है।

0 टिप्पणियाँ